- Hindi News
- न्यायाधीश ने ग्रामीणों को कानूनों की जानकारी दी
न्यायाधीश ने ग्रामीणों को कानूनों की जानकारी दी
टोडारायसिंह | विधिकसहायता समिति टोडारायसिंह के तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत भांवता पंवालिया में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। राजीव गांधी सेवा केन्द्र पर आयोजित इस कैंप में लोगों को संबोधित करते हुए न्यायाधीश विवेक शर्मा ने लोक अदालत के बारे में बताया कि लोक अदालत लोगों की ही अदालत है। जिसमें आपके ही विचारों को सुना जाता है। दोनों पक्षों से अलग अलग बात की जाती है फिर एक साथ बैठा कर न्यायाधीश के माध्यम से सुलह कराई जाती है। इसमें दोनों पक्षों के सम्मान में ठेस नहीं पहुंचती है। इसमें पारिवारिक विवाद, दीवानी मामले, खेत-मेड़ संबंधी विवाद-बाड़े के विवाद आपसी राजीनामा से सुलझाए जा सकते हैं। न्यायाधीश शर्मा ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या कानूनी अपराध है। भांवता में सह चल वाहन के पहुंचने पर वहां सरपंच राजेन्द्र पारीक एडवोकेट ने न्यायाधीश शर्मा का स्वागत किया। पंवालिया में सरपंच बलराम चौपड़ा एडवोकेट पंचायत सचिव पूरणमल सक्सेना ने न्यायाधीश शर्मा का स्वागत किया। इस दौरान न्यायाधीश ने ग्रामीणों को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही बताया कि एक बच्ची पढ़ती है तो दो परिवार शिक्षित होते हैं। सह चल वाहन के साथ सचिव शिवप्रसाद गौतम, चालक भंवरलाल शर्मा, कनिष्ठ लिपिक सरफराज, कनिष्ठ लिपिक पवन शर्मा, गणपत राय दाधीच, प्रतीक शर्मा, राकेश कुमार, बालकिशन श्रीमाल तथा घासीलाल मौजूद थे।