- Hindi News
- खराब कंप्यूटरों को सही बताने की जांच शुरू
खराब कंप्यूटरों को सही बताने की जांच शुरू
निजी कंपनी सही बताकर भुगतान उठाने के प्रयास में, शिकायत पर हुई कार्रवाई, कर्मचारियो को दिए रिपोर्ट भेजने के निर्देश
राजकीयउच्च प्राथमिक विद्यालयों में निरीक्षण में बंद मिले कंप्यूटरों को सही बताकर गुमराह करने वाले एवं फर्जी दस्तावेज पेश करने के मामले की राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद के उपायुक्त के नेतृत्व में जांच शुरू की गई है। परिषद को सभी कम्प्यूटर ठीक बताने की जानकारी दी गई। इसकी जांच की गई तो कई कंप्यूटर खराब पाए गए। इससे पूर्व भी निरीक्षण में खराब मिले कंप्यूटरों को सही बताया गया।
जानकारी के अनुसार जिले के 76 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक निजी कंपनी द्वारा करीब सभी कंप्यूटरों को सही बताकर भुगतान उठाने का प्रयास किया जा रहा था। इसकी शिकायत पर राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद के उपायुक्त अजय पाल ज्याणी, नीलम उपाध्याय एवं अनिल थानवी ने जांच शुरू की। उन्होंने बंमोर, सोनवा आदि जगह निरीक्षण भी किया। इसके अतिरिक्त सोनवा, बालीथल सहित कई गांवों में कंप्यूटर खराब होने का पता चला है। उपायुक्त अजय पाल ज्याणी ने बताया कि जिलेभर में कंप्यूटरों की स्थित की जांच की जाएगी तथा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फर्जी हस्ताक्षर का मामला भी सामने आया है। इसकी भी जांच की जाएगी। सर्व शिक्षा अभियान के संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों की इसकी रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं।