- Hindi News
- नासिरदा में पर्ची दे दी, नहीं मिला यूरिया
नासिरदा में पर्ची दे दी, नहीं मिला यूरिया
खाद के लिए धक्का-मुक्की, भगदड़
नासिरदा | कृषिविभाग की सख्ती के बाद भी उपतहसील क्षेत्र में यूरिया खाद की कालाबाजारी जारी है। गुरुवार शाम कृषि विभाग की ओर से किसानों को खाद के लिए जारी की गई 500 पर्चियों के बाद भी करीब 100 किसानों को खाद नहीं मिल पाया। नासिरदा में शुभम खाद-बीज भंडार पर बुधवार को 500 यूरिया के बैग आए थे। जिनको इसी दिन किसानों की भीड़ अव्यवस्था के कारण वितरित नहीं किया जा सका। अगले दिन गुरुवार को कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी महावीर शर्मा बीजवाड़, थांवला, मालेड़ा के कृषि पर्यवेक्षकों की संयुक्त टीम ने खाद विक्रेता के यहां आई यूरिया खाद के ट्रक की बिल्टी के आधार पर किसानों से राशन कार्ड की मूल प्रति लेकर प्रत्येक किसान को 1-1 कट्टा की पर्ची काटते हुए 500 किसानों को पर्चियां दीं। इन पर्चियों को लेकर जो किसान पहले खाद लेने पहुंचे तो उनको तो खाद मिल गया पर जिन किसानों को आने में देर हो गई तब तक कट्टे खत्म हो चुके थे। खाद विक्रेता भी अपनी दुकान के शटर लगाकर घर चला गया। पर्ची होने के बाद भी विक्रेता की ओर से खाद नहीं दिए जाने से किसानों ने हंगामा कर विक्रेता के खिलाफ संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। किसानों का यह भी आरोप था कि खाद की कालाबाजारी की जा रही है, जिसकी जांच भी चल रही है। मगर शाम होने तथा अधिकारियों कर्मचारियों के घर चले जाने से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। परेशान किसानों को निराश होकर बिना खाद लिए अपने घर लौटना पड़ा।
उपनिदेशक कृषि विस्तार निरंजन सिंह राठौड़ का कहना है कि कालाबाजारी की कोई बात है तो इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।