मूलभूत सुविधाओं से कोई वंचित नहीं रहे
कलेक्टरडा.टीना कुमार ने कहा हैं कि पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से कोई वंचित नहीं रहे इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी गंभीरता से काम करें। जिला कलक्टर सोमवार को अपने कक्ष में विभिन्न सरकारी विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रही थी। उन्होंने सभी विभागों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी सुगम समाधान एवं राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित निस्तारण करें ताकि पीडि़त को लाभ मिल सकें।
कलक्टर ने सोमवार को ही दतवास के ग्रामीणों की पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल साप्ताहिक समीक्षा बैठक में ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दतवास की टूटी पाइप लाइन को सही करवाकर पानी की सप्लाई शुरू की जाए।
उन्होंने मौसमी बीमारियों एवं फ्री दवाई योजना की चर्चा करते हुए पीएमओ को निर्देश दिये कि सआदत अस्पताल टोंक में चिकित्सकों को डयूटी समय पर आने एवं पूरे समय रहकर मरीजों का इलाज किये जाने के लिए पाबंद किया जाए इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यालय समय में कोई भी डॉक्टर प्रेक्टिस नहीं करें इसकी सुनिश्चितता की जाए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम बीपीएल आवास योजना,राशन वितरण ,बजरी खनन,सड़क, जननी सुरक्षा योजना आदि पर भी विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में एडीएम प्रहलाद सहाय नागा, सीएमएचओ डॉ.भूषण सालोदिया एवं संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।