उदयपुरवाटी | पुलिस ने संदेह के आधार पर गुरुवार को जोधपुरा में युवक को बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में वह चोर निकला और उससे बरामद बाइक भी चोरी की थी। पुलिस ने बाइक जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने एक दर्जन से ज्यादा स्थानों से चोरियां करना कबूला। सीआई अरविंद चारण ने बताया कि पचलंगी चौकी इंचार्ज एएसआई सकेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि जोधपुरा में एक व्यक्ति चोरी की बाइक बेच रहा है। चौकी प्रभारी ने नाकाबंदी कर नीमकाथाना सदर थानांतर्गत कैरू वाली ढाणी निवासी मोहित उर्फ सन्नी को रोक लिया। कागजात की जांच करने पर मामला चोरी का पाया गया।
कड़ाई से पूछताछ में मोहित ने सीकर जयपुर सहित कई स्थानों से करीब एक दर्जन चोरियां करना तथा गाडिय़ों से तेल चुराकर बेचना भी स्वीकार किया है। सीआई चारण के अनुसार उक्त आरोपी गिरोह के साथ चोरी करता है तथा उसने अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उससे और पूछताछ कर रही है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।