उदयपुरवाटी, झुंझुनूं। शारदीय नवरात्र के अनुष्ठान गुरुवार को शुरू हुए। सुबह कलश यात्राएं निकालकर शुभ मुहूर्त में घट स्थापित किए गए। सुबह शाम को मैय्या की आरती में भक्तों की भीड़ लगी। रात को भजन-कीर्तन हुए। जिले में शाकंभरी देवी, जमवाय माता और रायमाता के दर्शन करने दूरदराज से भक्त चूनर लेकर पहुंचे। शहर में पहाड़ी स्थित मनसा माता, बादलगढ़ की दुर्गा माता, अणगासर रोड स्थित अंबा माता मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए।
चंचलनाथ के टीले स्थित दुर्गापूजा को लेकर गुरुवार सुबह कलश यात्रा निकाली गई। ओमनाथ महाराज विचारनाथ महाराज के सानिध्य में शुरू हुई गणेश मंदिर से शुरू हुई यात्रा राणी सती रोड, चूणा चौक, मोतीसिंह की ढाणी होते हुए आयोजन स्थल पहुंची। पंडित दीनदयाल शुक्ला के सानिध्य में दोपहर 12 बजे घट स्थापना की गई। शाम को आरती में शहर के काफी लोग शरीक हुए।
इसी प्रकार स्काउट-गाइड के दुर्गा महोत्सव में खातियों के बगीची से कलश यात्रा शुरू हुई, जो शाहों वाला कुएं होते हुए आयोजन स्थल पहुंची। यहां सरदारशहर से आए रामनाथ महाराज के सानिध्य में घट स्थापना कराई गई। शाम को आरती के बाद भजन-कीर्तन किए गए। बड़ का बालाजी मंदिर दुर्गापूजा के लिए बावलियों की बगीची से कलश यात्रा निकाली गई। दोपहर में घट स्थापना कर दुर्गापूजा शुरू की गई।
वीर विचित्र बालाजी मंदिर की दुर्गापूजा में भी घट स्थापना से पहले कलश यात्रा निकाली गई। रिद्धि-सिद्धि हनुमान मंदिर की दुर्गापूजा के लिए गोपालजी के मंदिर से कलश यात्रा शुरू हुई। कल्याणजी के मंदिर में भी दुर्गापूजा के शुभारंभ पर बाजार में कलश यात्रा निकाली गई। खेमी शक्ति मंदिर में आचार्य मनोहरलाल शास्त्री के सानिध्य में घट स्थापना की गई। चूणा चौक, फौज का मोहल्ला, मोदियों की जाव, शिव कॉलोनी, आदर्श कालोनी में भी दुर्गापूजा महोत्सव शुरू किए गए।
(उदयपुरवाटी. मां शाकंभरी के दरबार में मौजूद श्रद्धालु।)