झुंझुनूं. खेतड़ी नगर. केसीसीप्रोजेक्ट में घुसकर कर्मचारियों पर हमला करने के पांच आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक शातिर है। अन्य हमलावरों की तलाश कर रही है। थानाधिकारी उदयभानसिंह ने बताया कि करीब दो दर्जन नकाबपोश 10 सितंबर की तड़के केसीसी प्रोजेक्ट के एडीट गेट में घुस गए थे।
हथियारों से लैस नकाबपोशों ने सुरक्षाकर्मी दो कर्मचारियों पर लाठियों, सरिए बरछी से हमला कर दिया था। केसीसी के सहायक महाप्रबंधक (सिविल) पी. गुप्ता ने चार नामजद सहित 15-20 अन्य के खिलाफ जान से मारने चोरी की नीयत से प्लांट में घुसने का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को बनवास के संदीप सैनी, टिकुपरा तन गुर्जरवास के सुरेश गुर्जर, घीसाराम मीणा, भवानी शंकर नायक गुर्जरवास के सुनिल स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म भी कबूल किया है।
संदीप पर पहले से मामला दर्ज
नकाब पोश हमलावर संदीप के खिलाफ पहले भी प्लांट में घुस कर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज है। संदीप पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
संदीप के ससुराल में छिपे थे
केसीसी में घुसे नकाबपोश वहां तैनात दो कर्मचारियों सुरक्षा गार्ड पर हमला कर साथी नकाबपोश संदीप के ससुराल में जाकर छिप गए थे। थानाधिकारी उदयभान सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप का ससुराल उदयपुरवाटी में है। हमले के बाद संदीप अपने साथियों सुरेश गुर्जर, घीसाराम मीणा भवानी शंकर नायक के साथ अपनी ससुराल में जाकर छिप गया। चारों आरोपियों को पुलिस ने उदयपुरवाटी से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है। सुनील को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया।
टोलियां बनाकर करते थे चोरियां
गिरफ्तार पांचों नकाबपोशों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे लोग टोलियां बनाकर केसीसी में चोरियों को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि 15-20 की टोली बनाकर प्लांट में घुस कर चोरी करते थे। कर्मचारियों या सुरक्षा गार्ड के विरोध करने पर पहाड़ी से पत्थरों द्वारा हमला किया जाता था।