सड़क रोके खड़े रहते हैं ओवरलोड वाहन
कस्बेमें पुलिस थाने से मात्र 100 मीटर दूरी पर घूमचक्कर रोड पर हर समय ओवरलोड वाहन सड़क रोके खड़े रहते हैं। सड़क पर खड़े इन वाहनों से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जानकारी के अनुसार सीकर मार्ग पर नांगल नदी तक झुंझुनूं मार्ग पर चुंगी नंबर तीन तक सड़क के दोनो तरफ हर समय गाड़ियां सड़क पर खड़ी रहती है। धर्मकांटा से घूमचक्कर तक छानी ईंट की ट्रॉलियां हर समय खड़ी रहती हैं। स्टेट हाईवे पर दोनों तरफ हर समय गाड़ियां खड़ी रहने से सपाट दौड़ती गाड़ियों को निकलने में परेशानी होती है। कई बार ओवरटेक के चक्कर में दुर्घटना होने की संभावना भी बन जाती है। नांगल नदी से घूमचक्कर तक सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी रहने से कई बार तेज दौड़ती गाड़ियों को जगह नहीं मिलने से डिवाइडर पर चढ़ जाती हैं। पिछले दिनों सीएलजी बैठक के दौरान लोगों ने सड़क पर खड़ी रहने वाली इन गाड़ियों को हटवाने की मांग की थी। थाना प्रभारी ने आश्वासन भी दिया था कि सड़क पर पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शाकंभरी गेट घूमचक्कर पर नो पार्किंग क्षेत्र घोषित होने के बावजूद हर समय गाड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। घूमचक्कर पर प्राइवेट बसें इस तरह खड़ी रहती हैं कि दूसरी गाड़ियों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिलता है। ऐसी स्थिति में कई बार जाम लग जाता है।
उदयपुरवाटी. घूमचक्कररोड पर स्टेट हाईवे पर खड़ी ओवरलोड गाड़ियां। इनके कारण एक साइड का रास्ता रुका रहता है।