घाट नाले से हटाए अतिक्रमण
नगरपालिका प्रशासन ने गुरुवार को घाट नाले से कच्चे-पक्के दर्जनों अतिक्रमण हटाए। घरों के बाहर डाले गए पत्थरों मिट्टी के ढेर को जेसीबी से हटवाकर रास्ता चौड़ा करवा दिया।
स्वच्छ राजस्थान अभियान के तहत पालिका ईओ अनिता खीचड़ गुरुवार को सुबह सफाई दस्ता लेकर घाट नाले में पहुंची। पशु अस्पताल से खटीकों के कुएं तक रास्ते के दोनों तरफ अतिक्रमण हटवाकर साफ करवा दिया। नालियों के निकट जमा मिट्टी को भी हटवाकर आवागमन शुलभ करवा दिया। पालिका टीम ने नाले के रास्ते से करीब 40 ट्राली कचरा हटवाकर दूर डलवाया। पार्षद बाबूभाई बारूदगर, बनवारीलाल मीणा भाजपा जिला मंत्री बबिता राठी ने मौके पर पहुंचकर वर्षों पुरानी नालियों का पुर्ननिर्माण करवाने की मांग रखी।
पालिका ईओ खीचड़ ने आश्वासन दिया कि बड़ा प्रोजेक्ट तैयार करा सड़क के दोनो तरफ टाइलें लगवाई जाएंगी। दोनों तरफ की नालियों को भूमिगत कराके नए नाले तैयार करवाए जाएंगे। ईओ ने घर-घर जाकर महिलाओं से पानी कनेक्शन के पाइप में नल लगवाने तथा कचरा एक जगह एकत्रित करने के लिए कहा। पालिका टीम में जेईएन अंकित महला, विष्णु सर्पटा, रामस्वरूप स्वामी सहित चार दर्जन कर्मचारी शामिल थे।
उदयपुरवाटी. घाटनाले से अतिक्रमण मलबा उठाने में लगा पालिका का अमला।