स्टेडियम के लिए 30 लाख का प्रपोजल तैयार
उदयपुरवाटी | राजकीयउमावि के खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण के लिए पीडब्लूडी से 30 लाख रुपए की लागत का प्रपोजल तैयार करवाया गया है। सांसद कोटे से स्वीकृति के लिए उक्त प्रपोजल स्कूल प्रशासन ने विधायक शुभकरण चौधरी को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार सरदार वल्ल्भभाई पटेल के जन्म दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाए जाने पर हुए ब्लाक स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद संतोष अहलावत ने खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण करवाने की घोषणा मंच से की थी।
अहलावत ने स्कूल प्रशासन को प्रपोजल तैयार करवाने के निर्देश भी दिए थे। एसडीओ एमआर बागड़िया, प्रिंसीपल ताराचंद सामोता पीडब्लूडी के एईएन मूलचंद सैनी ने स्टेडियम निर्माण करवाने की कार्ययोजना बनाई। उसके बाद अभियंताओं ने 30 लाख रुपए का प्रपोजल तैयार किया। प्रिंसीपल सामोता, पार्षद बनवारीलाल मीणा, महेश सैनी आदि के शिष्ट मंडल ने सांसद के नाम से तैयार प्रपोजल गुरुवार को विधायक चौधरी को सौंप दिया है। विधायक ने आश्वासन दिया है कि जल्दी ही केंद्र या राज्य सरकार की किसी योजना के तहत स्टेडियम निर्माण करवाया जाना स्वीकृत हो जाएगा।