दुकानदारों ने फुटपाथ पर किया अतिक्रमण
नगर पालिका प्रशासन की ओर से पालिका की दुकानों के आगे बने फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लेने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। पालिका प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है। सरदार सर्किल के पास पालिका की डेढ़ दर्जन दुकान हैं।
दुकानदारों ने सड़क तक अतिक्रमण कर नियमित सामान रखने पर जनप्रतिनिधी की शिकायत पर गत पालिका बोर्ड ने सभी दुकानों के आगे रेलिंग लगा दी गई, जिससे कि कोई भी दुकानदार फुटपाथ पर सामान नहीं रख सके। मगर दुकानदारों ने अतिक्रमण करने के साथ ही रेलिंग को काट दिया। पूर्व में पालिका, एसडीएम कार्यालय में कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं करने के कारण दुकानदारों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
पालिका के अधिशासी अधिकारी नगेंद्र सिंह का कहना है कि पालिका की ओर से लगाई गई रेलिंग का सर्वे कराया जा रहा है, जिन दुकानदारों ने रैलिंग काटी है उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लिया जाएगा।