लड़की के अपहरण की अफवाह ने पुलिस को कराई मशक्कत
उनियारा | बाइकपर एक लड़की के अपहरण की सूचना ने पुलिस को एक घंटे मशक्कत करवा दी। पुलिस की ओर से लड़की का पता लगाने के प्रयास किए जाने लगे, मगर सूचना अफवाह मात्र निकली। थाना प्रभारी प्रेमसिंह नाथावत को मोबाइल पर किसी ने फोन पर सूचना दी कि गाडोली मार्ग पर किसी लड़की को दो-तीन बाइक चालक अपहरण कर ले जा रहे हैं, जिसके बद इंद्रगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी की गई तथा गाडौली, खातोली, रहमानपुरा, झुंडवा आदि मार्गों लड़की की तलाश की गई। वाहन चालकों से पूछताछ की मगर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद फोन करने वाले से जानकारी ली तो उसने बताया कि एक लड़की जिसका मुंह कपड़े से पूरी तरह से ढंका हुआ था उसके साथ तीन बाइकें साथ चल रही थी। अपहरण की आशंका से पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन बाद में सूचना सही नहीं निकली।