उनियारा में दुकान का गेट ईंटों से चिनवाया
कस्बेके पुरानी रोडवेज बुकिंग के पास एक दुकानदार द्वारा दो दिन पहले रात में दीवार को तोड़कर निकाले गए रास्ते को सोमवार काे नगर पालिका अधिकारियों की मौजूदगी में ईंटों की दीवार बनाकर बंद कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
दुकानदार धर्मचंद सर्राफ ने शनिवार रात को बुकिंग की ओर दुकान का दरवाजा होने का कहते हुए दीवार तोड़कर दरवाजा निकाल लिया। इसका लोगों ने विरोध करते हुए नगर पालिका पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रविवार को कार्य रुकवाते हुए पालिका के निर्देश पर कार्य करने का कहते हुए दुकानदार को पाबंद कर दिया। पालिका के अधिशाषी अधिकारी राजूलाल मीणा, कनिष्ठ अभियंता दिनेश कावंत, कर्मचारी थानाप्रभारी प्रेमसिंह नाथावत मय जाप्ता सहित सोमवार को मौके पर पहुंचे। दुकानदार धर्मचंद ने बताया कि शुरूआत में दुकान बनाते समय गेट निकालने के लिए ही रास्ता छोड़ा गया था। उस समय दुकान काम में नहीं आने के कारण रास्ता बंद करवा दिया था। अब दुकान संचालित करने के लिए रास्ता की जरूरत होने पर दीवार तोड़ी थी। पालिका अधिकारियों ने तोड़ी गई दीवार के कागजात देखे, जिस पर रास्ता नहीं होने पर तोड़ी गई दीवार को ईंटों से बंद करवा दिया। इससे आमजन को परेशानी हो गई।
पत्रावलीके अनुसार निर्णय
नगरपालिकाके अधिशासी अधिकारी राजूलाल मीणा का कहना है कि यह मामला वर्षों पुराने है। पत्रावली के अनुसार की कार्रवाई की गई है। पालिका के नियम विरूद्ध कोई भी कार्य करेगा तो उसके खिलाफ पालिका प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
पूर्व गृहमंत्री के नाम की पट्टिका तोड़ी
स्व.मनोहरबिहारी माथुर की स्मृति में एक पानी की टंकी बनाई गई थी। इसका उद्घाटन पूर्व गृहमंत्री दिग्विजय सिंह ने किया था। उद्घाटन पट्टिका भी इसी दीवार में लगी हुई थी, जिसे दुकानदार ने रास्ता निकालने के लिए तोड़ दी।
उनियारा. रोडवेजकी पुरानी बुकिंग के पास दुकानदार की ओर से दीवार तोड़कर निकाले गए दरवाजे के मामले में पालिका अधिकारी दुकानदार से बात करते हुए।