जैतसर के नजदीक गोवंश भरा ट्रक पकड़ा
निकटवर्तीगांव तीन जेएसडी में सोमवार देर रात एक घर में ट्रक पर लादे जा रहे दस गोधों को गोरक्षा सेवा दल के सदस्यों ने मुक्त कराया। जबकि कुछ गोधों को आसपास के खेतों में बांधा गया था। गोरक्षा दल के सदस्यों ने बताया कि उनको मिली सूचना के आधार पर उन्होंने गांव तीन जेएसडी में पहुंचे। यहां हीरालाल के घर पर ट्रक में गोधों को लादा जा रहा था। सदस्यों ने बताया कि गोधों को किसी चीज से मारकर घायल करने के बाद ट्रक में लादा जा रहा था। गोधों के चोट के निशान भी मिले हैं। वहीं तीन-चार गोधों के ज्यादा चोटें होने के कारण उनको श्रीकृष्ण गोशाला समिति के अध्यक्ष दयानंद धारणिया ने गोशाला पहुंचाया। सूचना देने पर थानाधिकारी रामचंद्र सिंह भी जाब्ते के साथ पहुंचे। वहीं श्रीविजयनगर पंचायत समिति के उपप्रधान सूर्यप्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंचे लोगों को शांत किया। थानाधिकारी रामचंद्र ने बताया कि गोधे ट्रक में लादे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो गोरक्षा दल के सदस्य घायल गोधों को ट्रक से उतार रहे थे। वहीं ट्रक चालक उसका साथी फरार हो गए। ट्रक को थाने ले जाया गया है।
जैतसर. मुक्त कराए गए गोवंश। इनके पैरो को बांध कर ट्रक में भर रखा था।