पाली. शहर में मंगलवार को प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मारवाड़ के सपूतों द्वारा
इजरायल के हैफा शहर को फतेह करने की वीरगाथा जीवंत हो गई। मंथन सिनेमा के मंच पर हैफा विजय के हीरो शहीद मेजर दलपतसिंह देवली-पाबूजी और कर्नल अमानसिंह जोधा (डिगरना) के परिजनों का करतल ध्वनि से लोगों ने स्वागत कर सम्मान किया। आयोजन में प्रथम विश्व युद्ध से लेकर अब तक शहीद हुए वीर सपूतों के परिजनों उनकी वीरांगना का भी सम्मान किया गया।
भारतीय सैनिकों की वीरता को सेल्यूट करने शहर के अलावा प्रदेश से भी कई हस्तियां पहुंची। इस आयोजन को लेकर खासतौर से सेना की 61 कैवेलरी के ब्रिगेडियर भी अफसरों के साथ मौजूद थे। हैफा विजय दिवस का यह आयोजन जिला प्रमुख खुशवीरसिंह जोजावर की पहल पर हुआ। महामंडलेश्वर दाती मदन राजस्थानी की मौजूदगी में मारवाड़ के सपूतों की याद में पहली बार पाली में हुए इस कार्यक्रम में कई बार ऐसे भी अवसर आए जब लोगों की आंखें नम हो गईं तो सपूतों का सम्मान देखकर गर्व से सीना चौड़ा भी हो गया। मंथन सिनेमा में पूरा माहौल भारत माता की जय और जय हिंद के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजन में 61 कैवेलरी के बिग्रेडियर नरपतसिंह राजपुरोहित, सिरोही के पूर्व नरेश रघुवीरसिंह देवड़ा, पद्मश्री एवं राज्यसभा के पूर्व सदस्य नारायणसिंह माणकलाव, पूर्व सांसद गोपालसिंह ईडवा, इतिहासकार प्रोफेसर जहूर मेहर, मारवाड़ राजपूत महासभा के अध्यक्ष हनुमानसिंह खांगटा, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रदीप हिंगड़, पूर्व विधायक सीडी देवल, उप जिला प्रमुख भीखाराम सीरवी, राजपूत युवक परिषद के नारायणसिंह आकड़ावास, उप प्रधान गुलाबसिंह गिरवर, पूर्व प्रधान चक्रवर्तीसिंह समेत जिले में सभी पंचायत समितियों के प्रधान, जिला परिषद सदस्य भी मौजूद रहे।
देशभक्ति गीत पर प्रस्तुतियों से आंखेंं नम, लगे जयकारेमंचपर प्रसिद्ध गायिका उषा व्यास की देश भक्ति गीत पर प्रस्तुति ने समा बांध दिया। लोढ़ा बाल निकेतन के प्राचार्य हीरालाल पंवार के निर्देशन में स्कूली बच्चों ने कारगिल युद्ध का जीवंत नाटक प्रस्तुत किया तो माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।