गोचर भूमि पर अतिक्रमण को लेकर रोष
चंडावल. उदेशीकुंआग्राम के पास पशु चारागाह गोचर भूमि में अवैध रूप से हो रहे कच्चे एवं पक्के निर्माण एवं अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गोचर भूमि में अतिक्रमणकारियों एवं ग्रामीणों में गत 2 दिनों से आपसी तकरार को लेकर माहौल भी गर्माया हुआ है। शनिवार को ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर पाली को पत्र प्रेषित कर गोचर भूमि में हो रहे अवैध रूप से अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि राजस्व गांव उदेशीकुंआ की 8 बीघा गोचर भूमि में अतिक्रमियों ने पक्के कच्चे निर्माण कर अवैध रूप से मकान बनवा लिए हैं। वहीं बीपीएल परिवार के इंद्रा आवास के मकान एवं गोचर भूमि में मंदिर बनवाने की आड़ में जानवरों के बाड़े बनवाकर अतिक्रमण कर लिया गया। अतिक्रमण नहीं हटाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।