पाली। राेहट थाना क्षेत्र के जोधपुर मार्ग पर रात करीब 10:30 बजे हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अजीत सिंह के कार को एस्कोर्टिंग कर रहे पुलिसकर्मियों की जीप को कार चालक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद डिवाइड पर चढ़ी कार को हटाने आई क्रेन को भी जोधपुर से रही निजी बस ने टक्कर मार दी। इस पर वहां मौके पर मौजूद कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे बाद में जोधपुर रैफर किया गया। वहीं पुलिस ने बस और कार को जब्त कर लिया है।
घटना को लेकर काफी देर तक चीफ जस्टिस भी मौके पर ही रुक गए। पुलिस के अनुसार हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अजीतसिंह शुक्रवार रात को उदयपुर से जोधपुर की ओर जा रहे थे। उनकी कार को एस्कोर्टिंग कर रही पुलिसकर्मियों की जीप को रोहट के समीप हनुमान मंदिर मार्ग पर पीछे से तेज गति में रही कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही हाइवे क्रेन मौके पर पहुंची।
कार को वहां से हटाने का प्रयास करते वक्त जोधपुर से रही निजी बस ने क्रेन को भी टक्कर मार दी। इससे वहां मौजूद पाली के कांस्टेबल वीरेंद्रसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जानकारी के बाद मौके पर रोहट थाने से पहुंचे पुलिस दल ने उसे निजी वाहन से जोधपुर के लिए रवाना किया। पुलिस ने बस कार को जब्त कर लिया है। बस में यात्रियों को अन्य बस से रवाना कराया गया। देर रात दूसरी क्रेन मंगवा कार को घटना स्थल से हटा दिया गया। घटना के बाद मुख्य न्यायाधीश भी मौके पर रुक गए और घटना की जानकारी ली।
सिंह ने दिखाई मानवीय संवेदनाएं, घटना होते ही रुके
मुख्यन्यायाधीश को घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही वह मौके पर ही रुक गए और पुलिसकर्मियों के तबीयत के बारे में जानकारी ली। इतना ही नहीं उन्होंने मानवता दिखाते अधिकारियों को भी फोन कर इसके बारे में सूचना दी। एक के बाद एक हुई घटनाओं की जानकारी लेकर उन्होंने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य स्थान पर छोड़ने की बात कहीं। इसके बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति नियंत्रित होने की सूचना के बाद उन्हें एस्कार्ट कर रही अन्य गाड़ी के साथ उनकी कार को रवाना किया।