पाली. प्रथम विश्व युद्ध में 23 सितंबर 1918 को एक घंटे में
इजरायल के हैफा शहर को फतेह करने वाले मारवाड़ के वीर योद्धाओं की वीरता को सलाम करने के लिए 23 सितंबर को पाली में हैफा विजय दिवस मनाया जा रहा है।
देश में पहली बार हैफा विजय दिवस मनाने की पहल जिला प्रमुख खुशवीरसिंह जोजावर ने की है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। महामंडलेश्वर दाती मदन महाराज के सानिध्य में मंगलवार को दिन भर कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें मारवाड़ के वीर सपूतों की वीर गाथा का गुणगान किया जाएगा। साथ ही शाम को नगरपरिषद के पूर्व चेयरमैन प्रदीप हिंगड़ के सहयोग से इस उपलक्ष्य में कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है।
मंथनसिनेमा में होगा सम्मान समारोह : जिलाप्रमुख खुशवीरसिंह जोजावर ने बताया कि इन शूरवीरों की याद ताजा करने के लिए पाली में समारोह आयोजित किया जा रहा है। 23 सितंबर को सुबह सबसे पहले शहीद स्मारक पर पुष्पांजली कार्यक्रम रखा गया है। जहां स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति गीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके बाद मंथन सिनेमा में हैफा विजय युद्ध की फिल्म शो का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद दाती मदन महाराज राजस्थानी के सानिध्य में हैफा हीरो शहीद मेजर दलपतसिंह (देवली पाबूजी), कर्नल अमानसिंह (डिगरना) के परिवार का सम्मान किया जाएगा। समारोह में ही प्रथम विश्व युद्ध से लेकर कारगिल तक युद्ध में शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं, उनके परिवार के सदस्यों तथा सैन्य अलंकरण प्राप्त योद्धाओं को भी सम्मान होगा। इसके साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध के सेवानिवृत्त सैनिकों का भी सम्मान किया जाएगा।
"तारक मेहता' करेंगे कवि सम्मेलन का संचालन
हैफाविजय दिवस के उपलक्ष्य में 23 सितंबर शाम को लाखोटिया गार्डन में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान देश के नामचीन कवि देशभक्ति वीर रस से ओतप्रोत अपनी कविताओं की प्रस्तुति देंगे। सम्मेलन संयोजक नगरपरिषद के पूर्व चेयरमैन प्रदीप हिंगड़ ने बताया कि शाम 7.30 बजे से शुरू होने वाले कवि सम्मेलन में देश के प्रमुख कवि तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम शैलेष लोढ़ा कवि सम्मेलन का संचालन करेंगे।