- Hindi News
- एसबीबीजे बनवा रहा बालिका स्कूलों में टॉयलेट्स
एसबीबीजे बनवा रहा बालिका स्कूलों में टॉयलेट्स
बालिकास्कूलों में टॉयलेट्स की आवश्यकता के मद्देनजर स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर द्वारा भी प्रदेशभर में विभिन्न सरकारी गर्ल्स स्कूलों में टॉयलेट्स बनवाए जा रहे हैं। इस क्रम में भीलवाड़ा जिले में तीन स्कूलों का चयन कर काम शुरू कर दिया गया है। कोटड़ी उच्च माध्यमिक बालिका स्कूल, हुरड़ा का उमावि भादवों की कोटड़ी मांडल मुख्यालय पर माध्यमिक स्कूल में टॉयलेट्स बनवाए जा रहे हैं। भीलवाड़ा जोन में आने वाले पांच जिलों में 13 टॉयलेट्स बनाए जा रहे हैं।
एसबीबीजे डीजेएम सुशील कुमार जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा बालिका स्कूलों में टॉयलेट्स निर्माण के लिए कारपोरेट्स एवं विभिन्न संस्थाओं से सहयोग की बात पर जोर दिए जाने के बाद बैंक प्रबंधन द्वारा टॉयलेट्स निर्माण का निर्णय लिया गया। इस दिशा में कार्य को मूर्त रूप दिया जा रहा है। बैंक प्रबंधन संबंधित स्कूलों में 15 बाई 11 फीट साइज में ये निर्माण करवा रहा है। इस साइज में शौचालय एवं यूरिनल बनवाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं। प्रत्येक स्कूल में 1.2 से 1.5 लाख रुपए तक इस कार्य में बैंक प्रबंधन द्वारा खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में बैंक के नौ जोन हैं, इनमें से राजस्थान में सात जोन हैं।
राज्य में 90 स्कूलों में टॉयलेट्स बनवाए जा रहे हैं। इसमें से भीलवाड़ा जोन में भीलवाड़ा, नागौर, पाली अजमेर में तीन-तीन तथा टोंक में एक स्कूल में टॉयलेट्स बनवाए जा रहे हैं।