पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बज्जू हत्याकांड का फरार आरोपी सांडेराव में पकड़ा

बज्जू हत्याकांड का फरार आरोपी सांडेराव में पकड़ा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गत 23 अप्रेल को बज्जू थाने के गिरांधी गांव में अंधाधुंध फायरिंग कर की थी सोहनलाल की हत्या

भास्करन्यूज | पाली

बीकानेरके बज्जू थाना क्षेत्र में सोहनलाल हत्याकांड में पांच माह से फरार आरोपी श्रवण विश्नोई निवासी विष्णु नगर, खांबड़ा खुर्द (ओसियां) को बुधवार सुबह सांडेराव पुलिस ने केनपुरा तिराहे पर गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के बाद से इस आरोपी की बीकानेर पुलिस तलाश कर रही थी, जो लूट डकैती की वारदात भी कर चुका है। पाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बीकानेर पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार बीकानेर के बज्जू में जिप्सम माफिया सक्रिय है, जिसने पूर्व में भी मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था। इस साल 23 सितंबर को गाडिय़ों में आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सोहनलाल सेन की हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से गुस्साए ग्रामीणों ने शव लेने से इंकार करते हुए दो-तीन दिन तक प्रदर्शन किया था। मामले में बज्जू थाने के तत्कालीन एसएचओ और एएसआई को निलंबित किया था। वारदात में जोधपुर के ओसियां थाना क्षेत्र में खांबड़ा खुर्द कस्बे का विष्णु नगर निवासी श्रवण विश्नोई (25) पुत्र भल्लूराम भी शामिल था, जो घटना के बाद से फरार हो गया था। इस आरोपी के खिलाफ जोधपुर जिले में लूट डकैती के प्रकरण भी दर्ज है। पाली जिले में एसपी जयनारायण शेर के निर्देश पर नाकाबंदी चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार सुबह सांडेराव एसएचओ मनोज राणा की टीम को देखकर केनपुरा तिराहे पर खड़ा आरोपी श्रवण विश्नोई भाग गया। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर पकड़ा और पूछताछ की तो पता चला कि बज्जू थाने में सोहनलाल सेन की हत्या में यह आरोपी भी शामिल था। सांडेराव पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिसकी सूचना बीकानेर पुलिस को दी गई है।

श्रवण विश्नोई।