पाली। इंजीनियर्स-डे के उपलक्ष्य में जिला इंजीनियर फोरम की ओर से शनिवार को फ्रेंडशीप क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। बांगड़ स्टेडियम में जेवीवीएनएल तथा इंजीनियर्स टीम के मध्य खेले गए टी-20 मैच में जेवीवीएनएल ने रोचक मुकाबले में जीत हासिल की। समाजसेवी ओमप्रकाश टांक के मुख्य आतिथ्य, देवीलाल सांखला चंदनसिंह मेवाड़ा के विशिष्ट आतिथ्य में हुए इस मैच का खेल प्रेमियों ने जमकर लुत्फ उठाया।
शाम को झाला उपवन में हुए गेट-टू-गेदर कार्यक्रम में इंजीनियर्स के सामने रही चुनौतियों के बारे में चर्चा की गई। आभार ओमप्रकाश टांक ने जताया। फोरम के प्रवक्ता कानसिंह राणावत ने बताया कि चंचल माथुर के नेतृत्व में इंजीनियर्स टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 127 रन बनाकर आल आउट हो गई। इंजीनियर्स टीम के ओपनर प्रदीप सांड ने सर्वाधिक 46 रनों का योगदान दिया।
जेवीवीएनएल टीम के मनीष माथुर ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए। अपने लक्ष्य का पीछा करते हुए जेवीवीएनएल ने 18.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 129 रन बनाकर जीत हासिल की। जेवीवीएनएल की तरफ से नाथूराम चौधरी ने 38 तथा मनीष माथुर ने 24 रनों का योगदान दिया। मनीष माथुर को मैन आफ दी मैच चुना गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार को इंजीनियर्स डे के अवसर पर इस वर्ष जिला फोरम की ओर से चार दिवसीय विभिन्न टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। शुक्रवार को जिला इंजीनियर फोरम की नई वेबसाइट का लोकार्पण किया गया था। रविवार को डिस्ट्रिक्ट क्लब में सवेरे 8 बजे से बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस इनडोर गेम का आयोजन किया जाएगा। इसके मुख्य अतिथि संदीप जैन तथा विशिष्ट अतिथि आईसी जैन होंगे।
रविवार को ही दिन में 2 बजे से कैरम तथा शतरंज इनडोर गेम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथि सुरेंद्र पारख तथा विशिष्ट अतिथि एसएल परमार होंगे। इसके बाद शाम को डिस्ट्रिक्ट क्लब में विभिन्न इंजीनियर्स की 6 टीमों के बीच
कबड्डी के मैचों का आयोजन किया जाएगा।
इंजीनियर डे पर निकाली जाएगी रैली : इंजीनियर डे पर सोमवार को डाक बंगला से सवेरे 8 बजे रैली का आयोजन किया जाएगा।