पाली। महात्मा गांधी साइंस पार्क की दशा सुधारने के लिए नगरपरिषद ने भी तैयारी कर ली है। इस पार्क में अब कई नए साइंस मॉडल लगाने के साथ ही पार्क को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। इसके लिए नगरपरिषद चेयरमैन महेंद्र बोहरा ने निर्माण शाखा को ले-आउट प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं।
इधर, भास्कर के अभियान समाधान मिल-जुलकर के तहत मंगलवार को पहुंचेे स्कूली बच्चों ने यहां लगे मॉडल बंद देखा तो वे धरने पर बैठ गए। इसके बाद परिषद के अधिकारियों ने पहुंचकर तीन मॉडल को चलाकर दिखाया। स्कूली बच्चों ने यहां श्रमदान कर पार्क में बिखरे कचरे को भी उठाया।
विद्यार्थियों के विरोध के बाद आखिरकार चले कुछ मॉडल
साइंस पार्क में डायनासोर, पीएसएलवी राॅकेट और शार्क मछली जैसे कई मॉडल हैं जो बिजली से चलते हैं। लेकिन प्राय: ये बंद ही रहते हैं। मंगलवार को शहर के रेन्बो स्कूल के विद्यार्थी इस पार्क में भ्रमण करने आए।
उन्होंने मॉडल बंद देखे तो वहां मौजूद कर्मचारियों से इन्हें चलाने का अनुरोध किया। उन्होंने आनाकानी की विद्यार्थियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद मॉडल ऑपरेट कर बच्चों को दिखाया गया।
सुधरेगी साइंस पार्क की दशा, नए मॉडल भी लगेंगे, लेआउट तैयार करने के निर्देश
साइंसपार्क की विद्यार्थियों के लिए उपयोगिता और अधिकारियों द्वारा इसके रखरखाव को लेकर बरती जा रही लापरवाही को लेकर भास्कर में प्रकाशित खबर को चेयरमैन महेंद्र बोहरा ने भी मंगलवार को गंभीरता से लिया है।
सुबह उन्होंने नगर परिषद के आयुक्त और संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस पार्क की साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और यहां लगे मॉडलों की मरम्मत कर इन्हें उपयोगी बनाने के निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को यहां आने वाले विद्यार्थियों के लिए नए और ज्ञानवर्धक मॉडल लगाने का प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।
रेनबो स्कूल के करीब 50 बच्चों के दल ने मंगलवार को पार्क की दुर्दशा देखकर श्रमदान किया। आधे घंटे तक श्रमदान कर कचरे के एक बड़े हिस्से को यहां से हटा दिया। कुछ बच्चों ने तो यहां के टूटे झूलों को अपने स्तर पर ठीक करने की भी कोशिश की तो मॉडलों के ऊपर लगे जाले हटाए।