- Hindi News
- हत्या कर लूटे जेवर खरीदने का आरोपी ज्वेलर गिरफ्तार
हत्या कर लूटे जेवर खरीदने का आरोपी ज्वेलर गिरफ्तार
आरोपी तांत्रिक ने मानपुरा भाखरी में ज्वेलर को बेची थी कान की टोटियां
भास्करन्यूज | पाली
सोनाईमांजी गांव में घर में अकेली सो रही वृद्धा की हत्या करने के आरोपी कथित तांत्रिक शंकरदास वैष्णव (45) पुत्र देवीदास को सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर फिर से पुलिस को सौंपा गया।
आरोपी ने वृद्धा के कान से टोटियां निकाल कर पाली में मानपुरा भाखरी इलाके में ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले व्यापारी जंगीवाड़ा निवासी रशीद खान पुत्र जफरदीन को बेची थी। पुलिस ने आरोपी ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि गले में पहनी कंठी बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सदर थाना प्रभारी अमरसिंह रतनू ने बताया कि सोनाई मांजी गांव में पेपी देवी सीरवी (75) गत 6 फरवरी को अपने घर में हमेशा की तरह अकेली सो रही थी। गत 7 फरवरी को सुबह पेपी देवी का शव चारपाई (खाट) पर पड़ा मिला, जिसके कान से सोने की दोनों टोटियां गले से कंठी गायब थी। पुलिस ने तहकीकात के बाद सोनाई मांजी गांव में बिजली के उपकरण ठीक करने वाले कथित तांत्रिक शंकरदास वैष्णव को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बालराई गांव का रहने वाला है, लेकिन काफी समय से सोनाई मांजी गांव में रहता था। आरोपी कथित तौर पर जादू-टोना कर अपने आप को बाबा शंकर महाराज कहता था। उसकी काफी समय से वृद्धा के जेवरात पर नजर थी। घटना वाली रात को कुंडी खोल मकान में घुसा और चारपाई पर सो रही वृद्धा के गले से सोने की कंठी कान से टोटियां लूट ली। वृद्धा ने विरोध करना चाहा तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से वृद्धा की मौत हो गई थी।
श्आरोपी से हुई पूछताछ के बाद मंगलवार को हैडकांस्टेबल तेजूसिंह की टीम ने पाली में जंगीवाड़ा निवासी रशीद खान पुत्र जफरदीन को चुराए जेवरात खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। रशीद खान मानपुरा इलाके में ज्वेलरी की दुकान चलाता है, जिससे जेवर बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या के आरोपी शंकरदास से भी वृद्धा की कंठी बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है।