- Hindi News
- रेलवे सीएमएम ने जांची स्टेशन की व्यवस्थाएं
रेलवे सीएमएम ने जांची स्टेशन की व्यवस्थाएं
उतर-पश्चिमरेलवे जयपुर के चीफ मेटेरियल मैनेजर (सीएमएम) एचआर सोनी शुक्रवार दोपहर को अचानक पाली पहुंचे और रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक हरिसिंह ने रेलवे स्टेशन पर जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान लायंस क्लब पाली मारवाड़ अध्यक्ष की ओर से रेलवे स्टेशन यात्रियों के बैठने के लिए किए गए इंतजाम की रेलवे के सीएमएम ने सराहना की। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर यार्ड का भी निरीक्षण कर रेलवे अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बाद में उन्होंने बोमादड़ा स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के सीएमएम एचआर सोनी शुक्रवार दोपहर 12 बजे कार द्वारा जयपुर से पाली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। रेलवे परिसर के निकट बने यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे सिग्नलों की सुरक्षा के लिए यार्ड के आसपास दीवार बनाने के निर्देश दिए है। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दीवार नहीं होने के कारण रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा सही तरीके से नहीं हो पाती साथ ही आस पास बह रहा पानी भी सिग्नलों और यार्ड में आकर कई बार परेशानी का सबब बन जाता है। उन्होंने यार्ड और उसके आसपास की साफ सफाई व्यवस्था को लेकर भी चिंता जाहिर की। इस दिशा में ठोस कार्यवाही करने का आदेश देते हुए यार्ड के आसपास उन्होंने दीवार बनाने के निर्देश जारी किए। जयपुर से जांच के लिए आए एच. आर.सोनी ने पाली रेलवे स्टेशन के बाद बोमादडा के रेलवे स्टेशन पर जाकर वहां की सिग्नल व्यवस्था और अपने विभाग से जुडे कामों पर भी संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। हालांकि इस दौरान उन्हें सिग्नलों के रखरखाव और उनके कार्यप्रणाली को लेकर बहुत बडी खामी तो नजर नहीं आई, लेकिन इसे और बेहतर तरीके से संचालित कर जरूरी सुधार लाने के लिए कई दिशा निर्देश जारी किए। इस मौके पर चीफ सुपरवाइजर सुभाष मीणा, स्टेशन अधीक्षक हरिसिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
पाली रेलवे स्टेशन पर निरिक्षण करते रेलवे अधिकारी।