सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
पाली. शहरसहित जिले भर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ रात्रि में सर्दी का असर भी बढ़ गया है। सुबह के समय अब धूप भी सुहाने लगी है। सुबह शाम के समय हल्की सर्द हवाओं के साथ ठिठुरन का असर होने लगा है। अब लोग पूरे दिन ऊनी वस्त्रों में लिपटकर सर्दी से बचाव का जतन कर रहे हैं। शाम के समय लोग जल्दी अपने घरों में दुबकने लगे है। सर्दी का असर बढ़़ने के साथ ही लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव आने लगा है। पहले जहां लोग सुबह जल्दी उठकर मॉर्निंग वॉक पूजा आदि काम करते थे, लेकिन अब सर्दी बढ़ने के साथ देर सुबह तक रजाइयों में ही दुबके रहते हैं। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को सर्दी के कारण परेशानी हो रही है। सुबह शाम के समय चलने वाली हवाओं से लोगों को मौसमी बीमारियों का भी डर सताने लगा है।