पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • घर में अकेली सो रही वृद्धा की हत्या

घर में अकेली सो रही वृद्धा की हत्या

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सदर थाना क्षेत्र के सोनाई मांजी गांव में शुक्रवार रात घर में अकेली सो रही वृद्धा की किसी ने गला घोंट कर हत्या कर दी। मृतका के कान में पहनी सोने की टोटियां गले से सोने की कंठी गायब है, जिससे पुलिस हत्या के पीछे जेवर लूटने का कारण मान रही है। संदेह के दायरे में आए लोगों को पकड़ कर पुलिस ने पूछताछ तेज की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया है। मृतका के तीनों पुत्र मुंबई में व्यापार करते हैं, जिन्हें सूचना देकर बुलाया गया है। रविवार सुबह तक उनके पहुंचने पर शव उन्हें सौंपा जाएगा।

पुलिस के अनुसार सोनाई मांजी गांव में प्रेमीदेवी सीरवी (75) के पति का निधन हो चुका है। उसके तीन पुत्र मुंबई में किराणा परचून की दुकान चलाते हैं, जो परिवार के साथ वहीं रहते हैं। चौथे पुत्र का निधन हो चुका है, जिसकी प|ी गांव में ही अलग मकान में रहती है। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद प्रेमीदेवी दरवाजा बंदकर सो गई। रात को ही कुंडी हटाकर हत्यारों ने दरवाजा खोला और अंदर घुसे। आरोपियों ने चारपाई पर सो रही वृद्धा का गला घोंटकर हत्या की और उसके कान से सोने की दोनों टोटियां गले से कंठी लूट कर भाग गए। शनिवार सुबह 10 बजे मवेशी चराने वाली एक महिला वृद्धा की बकरी लेने के लिए पहुंची तो दरवाजा थोड़ा खुला था। उसने अंदर झांका तो वृद्धा को खाट पर पड़ा देख आसपास के लोगों को बुलाया। इस बीच सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अमरसिंह रतनू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। बाद में एएसपी जयपाल यादव एफएसएल एमओबी की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

पुलिस कर रही है संदिग्धों से पूछताछ

मृतकाके तीनों पुत्रों को पुलिस ने सूचना देकर गांव बुलाया है। शनिवार दोपहर वे मुंबई से रवाना हो गए, जो परिजनों के साथ रविवार सुबह पाली पहुंचेंगे। इस बीच वृद्धा की हत्या के मामले में संदेह के दायरे में आए तीन लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए पकड़ा है। एएसपी यादव ने बताया कि संदेह के दायरे में आए और लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।