- Hindi News
- स्कूल पर ताला लगा ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
स्कूल पर ताला लगा ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
रोहटब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नया चेंडा में शिक्षकों की कमी के चलते ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। नया चेंडा स्कूल में कुल छह शिक्षक कार्यरत बताए जा रहे हैं, लेकिन वर्तमान में चार शिक्षक ही है। दो शिक्षक जीवनसिंह जोधा सैणसिंह चारण प्रतिनियुक्ति पर लंबे समय से अपने गांव के विद्यालय में लगे हुए हैं। एक शिक्षिका छह माह के लिए प्रसुति अवकाश पर है एवं एक को बीएलओ बनाया गया है। वहीं, प्रधानाध्यापक विद्यालय के अन्य काम में व्यस्त रहते हैं। ऐसे मात्र एक शिक्षक के भरोसे 97 बच्चों की पढ़ाई हो रही है। एक तरफ सरकार रीडिंग कैंपेन चलाकर बच्चों की गुणवत्तापूर्वक शिक्षा देना चाहती है, यहां पर 97 बच्चे अध्ययनरत है जिनकी पढ़ाई खराब हो रही है। ग्रामीणों द्वारा कई बार कहने पर भी प्रतिनियुक्तियां रद्द नहीं की गई है। इसके चलते ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में एक विद्यार्थी मित्र भी लगाया था, जिसे भी सरकार ने हटा दिया। प्रदर्शन के दौरान नया चेंडा गांव के मोटाराम, जोगाराम, दानाराम, जसाराम, बाबूलाल, देदाराम, गजरी देवी, कस्तुराराम, मांगीलाल, मोहनलाल, कंवलराम, वेलाराम, मांगीलाल, मंगलाराम सहित विद्यार्थी भी मौजूद थे।
रोहट. स्कूल के गेट पर प्रदर्शन करते छात्र ग्रामीण।