परिवार गया था शादी में, मकान से चोर लाखों का माल लेकर फरार
न्यू हाउसिंग बोर्ड की घटना, सोमवार को मुंबई से लौटने पर हुआ खुलासा
भास्करन्यूज | पाली
पुलिसकी रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को धता बताते हुए चोर शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड में एक मकान के ताले तोड़ लाखों रुपए का माल चुरा कर ले गए। मकान मालिक परिवार के साथ गत 4 फरवरी को शादी समारोह को लेकर मुंबई गए थे। सोमवार सुबह लौटे तो चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने इलाके के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के अनुसार न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 1 ए-17 निवासी अरूण अग्रवाल गत 4 फरवरी को परिवार के साथ शादी समारोह में मुंबई गए थे। सोमवार सुबह वे ट्रेन से लौटे तो मकान का मुख्य द्वार खुला देखा। शेष|पेज14
मकानके अंदर कमरों की सभी लाइट जल रही थी, जबकि तीनों कमरों में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी भी टूटी हुई थी, जबकि उसमें से सामान गायब था। चोर इस मकान से 12 ग्राम के 13 चांदी के सिक्के, 100 ग्राम का 1 चांदी का सिक्का, चांदी की गिलास, 10 रुपए के नए नोटों की दस , 20 रुपए के नोटों की चार एवं 5 रुपए के नोटों की चार गड्डियां, 24 हजार 500 रुपए नकद, 3 किलो चांदी के पुराने जेवरात, दो कैमरे, चूडिय़ां, 3 लेडीज घडिय़ां एवं सोने की लोंग, बालियां पर भी हाथ साफ कर गए।
काफी देर मकान में रुके, ड्राईफ्रूट भी खाए
चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपियों ने ड्राईफ्रूट भी खाए, जिनके छिलके भी बिखरे मिले। माना जा रहा है कि चोर घटना वाली रात को काफी देर इस मकान में रुके और ड्राईफ्रूट खाकर अपनी भूख मिटाई। छत पर चोरों के पांव के निशान भी मिले हैं न्यू हाउसिंग बोर्ड में हुई इस चोरी से जहां नागरिकों में दहशत का माहौल है वहीं औद्योगिक थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर फिर से सवालिया निशान लग गया है।
अपराधियों का गढ़ बना औद्योगिक इलाका
शहर के बढ़ते अपराधों के साथ ही औद्योगिक थाना क्षेत्र में लंबे समय से जहां चोरी-नकबजनी, असामाजिक तत्वों एवं भू माफियाओं का दबदबा बढ़ता जा रहा है। इससे नागरिक दहशत में है। जोधपुर मार्ग पर सुभाष नगर पैट्रोल पंप के निकट 18 जनवरी की रात्रि दो युवकों पर हथियारों से लैस होकर हमला कर फरार हुए आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। तीन दिन पहले महाराणा प्रताप चौराहे के निकट 12 प्लाटों पर कब्जा करने के लिए किराए के गुंडे बुलाने वाले मामले में भी पुलिस अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। राजेन्द्र नगर में 13 जनवरी की सुबह आधा दर्जन युवकों ने पुराने लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक के अपहरण का प्रयास किया, लेकिन मौहल्लेवासियों के एकत्रित हो जाने से अपराधी भाग गए थे। हालांकि उन आरोपियों को बाद में नाकाबंदी में पकड़ लिया गया, लेकिन इसके बाद भी इलाके में लगातार घटनाएं हो रही है। औद्योगिक थाना पुलिस की लापरवाही और निचले स्तर पर पुलिसकर्मियों की अपराधी तत्वों से सांठगांठ एवं मिलीभगत के चलते इन असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। इसके चलते किसी प्रकार की घटना होने पर आम आदमी को इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने में भी डर लगता है। यदि किसी प्रकार मुकदमा दर्ज भी हो जाता है तो पीडि़त को मुकदमा वापस लेने अथवा समझौता करने के लिए धमकाया जाता है।
पाली. चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान।