रिफाइनरी जनसमस्याओं को लेकर 13 को कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन
पाली | राजस्थानरिफाइनरी बचाओ अभियान समिति के तत्वावधान में 13 फरवरी को जिला मुख्यालय स्थित एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित कर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित राज्यपाल के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा जायेगा। इस दौरान जिले की जनसमस्याओं, पेंशन बिजली बिल में वृद्धि को लेकर भी ज्ञापन दिया जाएगा। रिफाइनरी बचाओ अभियान समिति के जिला संयोजक केवलचंद गुलेच्छा ने बताया कि राज्य के लिए वरदान साबित होने वाली पचपदरा रिफाइनरी परियोजना स्थापना करने सहित जिले की जनसमस्याओं, खाद्य सुरक्षा योजना, पेंशन, विद्युत बिलो में भारी बढ़ौतरी को कम करने सहित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के अन्तर्गत पात्र जनों को लाभान्वित करने हेतु ज्ञापन सौंपा जाएगा। गुलेच्छा ने बताया कि पूर्ववर्ती सप्रंग सरकार ने पचपदरा में रिफाइनरी लगाने के लिए 2013 में पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स परियोजना का शिलान्यास किया गया था। मगर दलगत राजनीति से प्रेरित होकर राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस परियोजना को अनावश्यक रूप से विवाद में डाल दिया है। इससे जनता में ऐसी आशंका है कि मुख्यमंत्री यू ही पांच साल निकाल देगी। लगभग 38 हजार करोड़ की यह रिफाइनरी परियोजना राजस्थान के भविष्य के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। गुलेच्छा ने बताया कि यह ऐसी परियोजना है जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा सकती है।
13 फरवरी को जिलेभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, कांग्रेस कार्यकर्ता, समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े समाजसेवी, सामाजिक कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन में भाग लेंगे।