तीसरे दिन 3 हजार श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां
अखिलविश्व गायत्री परिवार की ओर से हाउसिंग बोर्ड स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 108 कुंडीय महायज्ञ मां गायत्री प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को संस्कार यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ सुबह 8.45 बजे किया गया, जिसमें 3 हजार श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महोत्सव में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शहर के कई क्षेत्रों में लगे लाउड स्पीकरों से वैदिक मंत्रोच्चार आचार्यों के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
4हजार लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
गायत्रीशक्ति पीठ हाउसिंग बोर्ड में आयोजित यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन शहर के 4 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इन श्रद्धालुओं के प्रसाद के लिए गायत्री शक्ति पीठ द्वारा 42 हजार वर्ग फिट पर प्रसाद पांडाल का निर्माण किया गया। पांडाल में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए4 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इनकारहा सहयोग
कार्यक्रमसंचालन में गायत्री शक्तिपीठ के अध्यक्ष बाबूलाल मंडाेरा, मुरलीधर गाैड़, बद्रीराम वैष्णव, प्रहलादराम शर्मा, अशोक दाधीच, जगदीश दुबे, राधाकिशन, रंजन शर्मा, राजकुमार बंजारा, गिरधारीसिंह नरूका, रमेश बोहरा, गुलाबसिंह, सरदारसिंह, प्रहलाद शर्मा महिला गायत्री परिजन किरण सोनी, निर्मला, रजनी सुनीता, सुमित्रा, शुचिता, मधुबाला कांकाणी सहित कई सदस्यों का सहयोग रहा।
आजहोगी मां गायत्री की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा
कार्यक्रमके अंतिम दिन बुधवार को गायत्री शक्ति पीठ में मां गायत्री की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व सुबह 6 बजे योग प्राणायाम सुबह 7 बजे शक्तिपीठ में मां गायत्री की मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति स्थापना के बाद दोपहर 1 बजे सभी देवी देवताओं की विदाई दी जाएगी।
दीप यज्ञ में दिखा लोगों का उत्साह
कार्यक्रममें देव पूजन यज्ञ और संस्कार यज्ञ के बाद शाम 7 बजे गायत्री शक्ति पीठ परिसर में वैदिक मंत्रों के साथ 5100 दीपकों द्वारा दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ के दौरान पवित्रीकरण, क्रिया एवं भावना, सूर्यध्यान प्राणायाम, चंदन धारण, संकल्प सूत्र, उपवास आराधना, समयदान अंश दान का महत्व बताया गया। इसके बाद शक्ति पीठ में दीपकों द्वारा स्वास्तिक, ओम आकार, और भारत माता की आकृति बनाई गई। दीपयज्ञ के दौरान शक्तिपीठ को भी दीपकों से सजाया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले किया सर्वभद्र पूजा
कार्यक्रमके तीसरे दिन गायत्री शक्ति पीठ हरिद्वार के आए विश्व प्रकाश त्रिपाठी, पूरण चंद्राकर, दिलवर यादव, रविंद्र कुमार के मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ पांडाल में सरदारसिंह, पुखराज शर्मा रमेश बोहरा द्वारा 33 करोड़ देवी देवताओं का आह्वान कर विधि विधान से सर्व भद्र पूजा करवाई गई। साथ ही शांतिलाल सोनी, राजूसिंह, गोपीकिशन बिड़ला, संजय डागा द्वारा यज्ञ शाला के चारो कोनों की पूजा कर चार तत्व वेदियों की भी पूजा करवाई कई। देव आह्वान के बाद विधि विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
428 श्रद्धालुओं ने दी संस्कार यज्ञ में आहुति
गायत्रीपरिवार के महोत्सव में संस्कार यज्ञ के तहत शक्तिपीठ में रंजन शर्मा बाबूलाल गौड़ की अध्यक्षता में पुंसवन, अन्नप्राशन, नामकरण, मुंडन, विवाह दिवसोत्सव, जन्म दिवस, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत कुल 8 संस्कार यज्ञों का आयोजन किया गया। संस्कार यज्ञ में शहर के 428 श्रद्धालुओं ने आहुति दी। जिसमें पुंसवन संस्कार में 24, अन्नप्राशन संस्कार में 11, नामकरण संस्कार में 51, मुंडन संस्कार में 10, विवाह दिवसोत्सव में 31, जन्मदिवस में 101, विद्यारंभ में 150 यज्ञोपवीत में 50 श्रद्धालुओं ने आहुति दी।
पाली. गायत्री परिवार की ओर से हाउसिंग बोर्ड शक्तिपीठ में दीपों से सजाया हवन कुंड।
पाली. गायत्री शक्तिपीठ में दीपयज्ञ के दौरान दीप जलाती युवतियां।