पाली | रोहटथाना क्षेत्र के फेंकारिया मार्ग पर 172 किलोग्राम
पाली | रोहटथाना क्षेत्र के फेंकारिया मार्ग पर 172 किलोग्राम डोडा पोस्त से भरी कार के साथ पकड़े गए आरोपी जसवंत जाट सुनील विश्नोई को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इससे पहले चितौडग़ढ़ की जेल में बंद कैदी किशनलाल जाट से पूछताछ करने गई सदर थाने की टीम मंगलवार रात को ही पाली पहुंच गई। इस मामले में फरार आरोपी ओमप्रकाश विश्नोई की तलाश में टीम ने रोहिचा कलां गांव में भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। गत 6 फरवरी को तड़के जेतपुर के निकट फेंकारिया मार्ग पर रोहट पुलिस ने डोडा पोस्त से भरी कार को पकड़ा था, जिसमें 172 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। रोहट थाना पुलिस ने भीलवाड़ा जिले में रायपुर थाना क्षेत्र में खाणनिया निवासी जसवंत कुमार जाट पुत्र गोपीलाल तथा जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र में फींच के निकट हमीर नगर निंबाड़ी नाडी निवासी सुनील विश्नोई पुत्र किशनलाल गोदारा को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चितौडग़ढ़ जेल में बंद तस्कर किशनलाल जाट ने मोबाइल फोन कर उन्हें डोडा पोस्त की डिलेवरी दिलवाई थी,जिसे जोधपुर में रोहिचाकलां गांव में ओमप्रकाश विश्नोई तक पहुंचाना था। इस बारे में पूछताछ तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच अधिकारी सदर एसएचओ अमरसिंह रतनू चितौडग़ढ़ गए और जेल में बंद कैदी किशनलाल से पूछताछ की। कैदी किशनलाल जाट अफीम तस्करी के मामले में पिछले काफी समय से चितौडग़ढ़ जेल में बंद है, जो वहीं से मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करता है।
उसे प्रॉडक्शन वारंट पर बाद में गिरफ्तार कर पाली लाया जाएगा।
डोडा-पोस्त तस्करी के दोनों आरोपियों को जेल भेजा