पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हेमावास तिराहे पर एक ही दिन में दो हादसे

हेमावास तिराहे पर एक ही दिन में दो हादसे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पाली. एनएच 14 फोरलेन में तब्दिल तो हो गया, लेकिन इस फोरलेन पर बेतरतीब कट देने से आए दिए सड़क हादसे हो रहे हैं। शहर के निकट हेमावास तिराहे पर शनिवार सुबह ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक तो ट्रक छोड़ भाग गया, लेकिन गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। शाम को इसी जगह पर एक अन्य हादसे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले इसी तिराहे पर ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दिन पहले इसी मार्ग पर ट्रक ने इनोवा कार को चपेट में लिया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

सुबह-शाम हादसा, गुस्साए लोगों ने की तोड़फोड़

शनिवार सुबह करीब 11 बजे सिंधियों की ढाणी निवासी सिकंदर खान पुत्र शेरू खान तथा कॉलेज रोड निवासी ओमप्रकाश पुत्र शिवलाल बाइक पर हेमावास गांव से पाली की ओर रहे थे। तिराहे पर ट्रक चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक समेत दोनों लोग सड़क के पास खड्डे में गिर गए। हादसे में गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोडफ़ोड़ की, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह समझाइश कर शांत किया।
चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शाम को बाइक सवार मंडली निवासी भंवरलाल पुत्र आशाराम हीरागर को ट्रक ने इसी जगह पर चपेट में ले लिया। टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

इसलिए होते हैं इस तिराहे पर हादसे

फोरलेन में तब्दिल हुए इस हाईवे पर पणिहारी तिराहे पर फ्लाई ओवर का निर्माण कराया गया, जो मंडली गांव तक है। मंडली गांव से थोड़ी दूर पर हेमावास तिराहा से उदयपुर मेगा हाईवे का मोड़ है। इस मोड़ पर पाली की तरफ आने-जाने वाले वाहनों की एंट्री के लिए फोरलेन पर कट दिए गए। यह मोड़ इतना खतरनाक है कि पाली की तरफ आने-जाने वाले वाहनों को फोरलेन से गुजरने वाले वाहन चपेट में लेते हैं।
इसकी एक वजह यह भी है कि फ्लाई ओवर से उतरने के बाद इस मोड़ तक आते आते वाहनों की स्पीड भी तेज होती है। यहां संकेतक नहीं लगाने के कारण बड़े वाहनों के चालक लापरवाही स्पीड से वाहन चलाते हैं।