साढ़े छह लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
पाली | चिकित्साएवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के 1 से 19 वर्ष तक के 6 लाख 51 हजार बच्चों को कृमि नाशक एल्बेडाजोल की दवा दी जाएगी। सीएमएचओ डॉ. एसएस शेखावत ने बताया कि इसको लेकर बालिया स्कूल में कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा तथा कलेक्टर कुमार पाल गौतम इसकी अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में इससे होने वाली विभिन्न बीमारियों और उसकी रोकथाम के लिए जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दिन स्कूल में अनुपस्थित रहने वाले बच्चों को 15 फरवरी को मोप-अप राउंड में दवा पिलाई जाएगी। इसके साथ ही 1 से 6 वर्ष के बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों और 6 से 19 वर्ष तक के बच्चों को सरकारी निजी स्कूलों, केंद्रीय, नवोदय विद्यालयों समेत मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को यह दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। संबंधित अधिकारियों और एएनएम को भी इसके सफल आयोजन को लेकर दिशा निर्देश दिए गए है। कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में कोई भी बच्चा वंचित रहे इसके लिए सभी अभिभावकों, शिक्षकों, महिला एवं बाल विकास विभाग और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सहयोग का आह्वान किया गया है।