कपड़ा फैक्ट्री में आग, लाखों का नुकसान
पाली | मंडियारोड स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। सूचना मिलते ही नगरपरिषद से दमकल वाहन लेकर पहुंचे कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार मंडिया रोड ट्रीटमेंट प्लांट संख्या दाे के समीप स्थित जीजीएफ इंडस्ट्रीज में गुरुवार सुबह 10.45 बजे अचानक आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। इससे फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों में अफरातफरी का माहौल बन गया। साथ ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इन लोगों ने अपने स्तर पर काबू पाने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल पाई। इस मामले की जानकारी मिलते ही नगरपरिषद से दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर करीब दो घंटे के प्रयासों के बाद काबू पाया।