आजीविका मिशन का दूसरा सेंटर सीकर में
सीकर. आजीविकामिशन के तहत प्रदेश में दूसरा सेंटर सीकर में खुलेगा। लोगों को रोजगार के लायक बनाने वाले इस मिशन का पहला सेंटर उदयपुर में खुल चुका है। ऐसी उम्मीद है कि स्किल डेवलपमेंट के इस सेंटर से युवाओं को हुनरमंद बनाने में आसानी होगी। सेंटर की खासियत यह भी होगी कि आधे से अधिक लोगों को रोजगार दिलाने की जिम्मेदारी संबंधित कंपनियों की होगी। राजस्थान आजीविका एवं कौशल विकास निगम के एमडी गौरव गोयल ने बताया कि अन्य स्थानों पर सेंटर खोलने की कवायद चल रही है। सीकर सेंटर के लिए प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। सेंटर शुरू होने से शेखावाटी के युवाओं का काफी फायदा होगा।