थोई/अजीतगढ़. कंचनपुरनिवासी बिरजूसिंह (40) पुत्र रामलाल मीणा का चीन सीमा पर निधन हो गया। वे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में हैड कांस्टेबल के पद पर अरुणाचल प्रदेश के भूपिया में पहाड़ों पर तैनात थे। बिरजूसिंह ने 1997 में आईटीबीपी में 22वीं बटालियन ज्वाइन की थी। आईटीबीपी के साथियों ने बताया कि बिरजूसिंह का कम ऑक्सीजन के चलते देहांत हो गया। बुधवार देर रात उनकी पार्थिवदेह थोई थाना पहुंची। गुरुवार को उनका शव पैतृक गांव कंचनपुर ले जाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान से अंत्येष्टि की जाएगी।