सीकर। सैनिक कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को रेलवे के सामुदायिक भवन में सैनिक कल्याण रैली हुई। इस मौके पर विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि सैनिक विधवाओं को दिवाली तक दोहरी पेंशन का लाभ मिलने लगेगा। इसके लिए सरकार की ओर से स्वीकृति मिल गई है, केवल आदेश जारी होना बाकी है।
इससे पहले आर्मी से रिटायर होने के बाद पूर्व सैनिक को ही आर्मी सिविल की दोहरी पेंशन का लाभ मिलता था। उन्होंने शेखावाटी की धरती को सैनिकों की नर्सरी बताया। उन्होंने भीलवाड़ा हनुमानगढ़ में नए सैनिक विश्राम गृह खोलने की बात कही।
पॉलीक्लीनिक प्रभारी कर्नल पीएस महला ने ईसीएचएस मेंबर बनकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का फायदा उठाने पर बल दिया। एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कुलदीप सिंह शेखावत ने सैनिक परिवार के बच्चों से एनसीसी कोर्स ज्वॉइन कर आर्मी में भर्ती होने के लिए रिटर्न परीक्षा की अनिवार्यता नहीं होने के बारे में बताया।
जिला परिषद सीईओ कमलराम मीना ने प्रशासनिक स्तर पर सैनिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर जीसुख राम, ब्रिगेडियर लक्ष्मण सिंह, कर्नल जगदेव सिंह आदि ने विचार रखे। इससे पहले एसबीबीजे द्वारा वीरांगनाओं का सम्मान किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस दौरान एसडीएम पुष्करराज शर्मा, चिंकारा कैंटीन प्रबंधक जीएल गुर्जर, कर्नल रामेश्वर बुरड़क, नरपत सिंह, गौरव सेनानी संघ के अशोक गढ़वाल, ओम प्रकाश पंवार, गौरव सेनानी वेलफेयर समिति के हरि सिंह राठौड़, कल्याण संगठक साबूलाल चौधरी, जसवीर सिंह, मान सिंह, सरोज देवी आदि मौजूद थे। संचालन नूर मोहम्मद पठान सरोज लोयल ने किया। रेलवे के सामुदायिक भवन में सैनिक कल्याण रैली में मौजूद पूर्व सैनिक वीरांगनाएं तथा मंचस्थ अधिकारी एवं वक्ता।
सैनिकों ने यह रखी मांगें
रैली के दौरान गौरव सेनानी संघ के अध्यक्ष भगवानसिंह भामू ने वन रैंक वन पेंशन, कैप्टन मालचंद ने पूर्व सैनिकों को उचित मूल्य की दुकान पर रियायती दर पर राशन दिलवाने, सूबेदार खुमाराम गढ़वाल ने शहीद के माता पिता को एमआईएस स्कीम के तहत दी जाने वाली पेंशन को बढ़ाने की मांग की।