- Hindi News
- आनंदपाल को मारने के लिए ठेहट ने दी थी सुपारी
आनंदपाल को मारने के लिए ठेहट ने दी थी सुपारी
बीकानेर. आनंदपालसिंहको बीकानेर जेल में मारने का सौदा 50 लाख में तय हुआ था। सीकर के राजू ठेहट ने कैदी जयप्रकाश जांदू को 50 लाख रुपए में सुपारी दी।
जून में ही आनंदपाल की हत्या का सौदा तय हो गया था। ठेहट गैंग ने 3.50 लाख में 9एमएम की मेड इन यूएसए की पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। 24 जुलाई को हनुमान जाखड़ और ठेहट के भाई ओमप्रकाश ने जेल में पिस्टल जयप्रकाश तक पहुंचा दी। उसी दिन सायंकाल जयप्रकाश और रामपाल गोदारा ने जेल में वार्ड संख्या पांच के सामने आनंदपाल पर फायरिंग की, जिससे बलबीर बानूड़ा की मौत हो गई। जवाब में आनंदपालसिंह उसके साथियों ने पीट-पीटकर जयप्रकाश रामपाल को भी मार डाला था। जेल में पिस्टल पहुंचाने के आरोपी सांडवा थाने के तेहनदेसर निवासी हनुमान जाखड़ की शिनाख्त परेड में पहचान हो गई है।
मंगलवार को एसओजी ने बीकानेर जेल में मजिस्ट्रेट के समक्ष बापर्दा गिरफ्तार अभियुक्त हनुमान जाखड़ की शिनाख्त परेड करवाई। इस दौरान जेलर महावीर मीणा ने जेल में पिस्टल पहुंचाने वाले जाखड़ को पहचान लिया।
जेल में पिस्टल पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार और रिमांड पर चल रहे अभियुक्त चूरू में सांडवा थाने के तेहनदेसर निवासी हनुमान जाखड़ और बीदासर थाना क्षेत्र के दड़ीबा निवासी देवीसिंह जाट से एसओजी ने पूछताछ की तो आनंदपालसिंह को मारने के लिए सुपारी देने का खुलासा हुआ।