सीकर. शहर के लोगों को अभी स्मृति पार्क में वॉक के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। पार्क में छह माह से डवलपमेंट के सभी काम बंद हैं। धीमी रफ्तार और अफसरों की ढिलाई से डेढ़ साल में वन विभाग बाउंड्री वॉल का निर्माण भी नहीं करवा सका।
अभी तक बीहड़ में महज 95 लाख के निर्माण कार्य हुए है। विभाग को जून में नए कामों के लिए तीन करोड़ बजट की मंजूरी मिली थी, लेकिन अभी तक नए कामों के टेंडर नहीं किए गए। अफसर पहले बजट नहीं होने का बहाना बना रहे थे। अब नए टेंडर के अधिकार मुख्यालय के पास होने की बात कर रहे हैं।
गाइड लाइन के मुताबिक पार्क पांच साल में पूरी तरह से डवलप किया जाना था। इसके लिए पहले साल 7200 रनिंग मीटर में बाउंड्री वॉल बनाई जानी थी। लेकिन विभाग पहले साल महज 1040 रनिंग मीटर में ही बाउंड्री वॉल बना सका है। ऐसे में पौधरोपण के काम भी नहीं हुए।
अभी तक इतना हुआ विकास
पहले साल एक करोड़ का बजट दिया गया। जिससे 710 मीटर में पक्की दीवार 330 मीटर में रेलिंग, तलाई निर्माण, पाथवे, ट्यूबवैलों के लिए बोरवैल तथा 20 हजार पौधे तैयार करवाए गए।
टेंडर के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
डीएफओ राजेंद्र कुमार हुड्डा का कहना है कि मुख्यालय से बजट मिल गया। मगर टेंडर के अधिकार भी मुख्यालय के पास ही हैं। इस संबंध में अफसरों को लिखा गया है। टेंडर होने के तत्काल बाद काम शुरू करवा दिए जाएंगे।