सीकर। राशन की दुकानों पर बाजार भाव से करीब तीन रुपए सस्ते में चाय-नमक और मसाले मिलेंगे। यह सुविधा राशन कार्ड होल्डर के लिए होगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम ने प्रदेशभर में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी है। जल्द ही जिलों में डीलरों के यहां सप्लाई शुरू हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह योजना गहलोत सरकार में थी, लेकिन उस वक्त टेंडर नहीं होने के कारण बंद हो गई थी। अब टेंडर होने से शुरू हुई है। उस समय दाल और सोयाबीन तेल की काफी मांग थी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक अनिल गोयल ने बताया कि आम आदमी को रियायती दरों पर शुद्ध सामग्री मुहैया करवाने के लिए नॉन पीडीएस योजना शुरू की है। रेट लिस्ट भी डीलरों को दुकानों पर चस्पा करनी होगी। जिले के सात लाख आठ हजार राशन कार्ड धारक योजना का फायदा ले सकेंगे।
कपड़ा भी राशन की दुकान पर बेचने की योजना
राशन दुकानें मिनी सुपर मार्केट की तर्ज पर विकसित होंगी। सरकार ने इसकी योजना बनाई है। इसमें खाद्य सामग्री के अलावा कपड़ा सहित घरेलू सामग्री भी रियायती दरों पर मुहैया हो सकेगी। नॉन पीडीएस स्कीम इसकी एक कड़ी है।