सीकर. शहर कोतवाली पुलिस ने रानीसती रोड पर एक महीने पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्होंने शोरूम के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इनसे शहर की अन्य वारदातें के भी खुलासे की उम्मीद है।
शहर कोतवाल राजेंद्र बेनीवाल ने बताया कि मनोज अग्रवाल का संतोषी माता मंदिर के पास ऑटो
मोबाइल का शोरूम है। वे 16 अगस्त की शाम को ताले लगाकर घर गए थे। अगले दिन छुट्टी होने के कारण उन्होंने शोरूम नहीं खोला। अगले दिन आए तो ताले टूटे मिले।
अंदर जाकर देखा तो एक एलसीडी, बैट्री, मोबाइल, चांदी के सिक्के, अंगूठी, सोने की गिन्नी, 28 हजार रुपए नकद करीब 70 हजार रुपए की कीमत के नोजल गायब मिले। वारदात के बाद से ही आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
शुक्रवार को इस मामले में चिड़िया टिब्बा निवासी विशाल सैनी पुत्र महावीर जगदीश शर्मा उर्फ भीमा पुत्र परमेश्वर लाल को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने 16 अगस्त की रात को चोरी करना कबूल किया है।
इनसे चोरी का सामान बरामद करने के संबंध में प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस खंगाल रही है। ये लोग काफी समय से शहर में सक्रिय थे। ऐसे में कई वारदातों का इनसे खुलासा हो सकता है।