सीकर. नगर परिषद ने शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाया। बाजार खुलने से पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध किया। दस्ते ने कई दुकानों के बाहर रखे तख्ते, बोर्ड आदि जब्त कर लिए। विरोध की सूचना पर नगर परिषद आयुक्त मौके पहुंचे। समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
शुक्रवार सुबह परिषद दस्ते ने जाटिया बाजार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। यहां अभियान दस्ते और व्यापारियों में खासी तकरार हुई। व्यापारियों ने यह कहते हुए विरोध किया कि बाजार से खुलने से पहले दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया जा रहा है। जबकि तख्ते आदि नाली तक ही डाले हुए हैं। टीम ने जाटिया बाजार, बावड़ी गेट, सुभाष चौक, गणेश मंदिर तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान गन्ना जूस मशीन, तख्ते, बोर्ड आदि जब्त कर लिए।
परिषद अधिकारियों का कहना है कि नियमित तौर पर अभियान चलाया जाएगा। व्यापारियों को समझाइश कर हिदायत दी जा रही है। इसके बाद किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। टीम में नरेंद्र माथुर, रामेश्वरलाल आदि मौजूद रहे।