सीकर। शनिवार को एक महिला डिलीवरी के बाद एसके कॉलेज में एग्जाम देने पहुंची। अफरोजा बानो डिलीवरी के करीब 13 घंटे बाद ही बीबीए का एग्जाम देने सेंटर पर पहुंच गईं।
शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे एसके अस्पताल में उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। शनिवार को दोपहर तीन से शाम छह बजे तक बीबीए सेमेस्टर-5 में प्रोडक्शन मैटेरियल विषय का एग्जाम था। बेटी के जन्म से उत्साहित अफरोजा ने बताया कि मैं बेहद भाग्यशाली हूं कि बेटी हुई। मैं खुद का बिजनेस शुरू करना चाहती हूं इसलिए एग्जाम देना भी बेहद जरूरी था। पेपर के लिए मैंने काफी तैयारी की थी। पेपर भी अच्छा हुआ। भाटी मेंशन निवासी अफरोजा एक्सीलेंस कॉलेज की छात्रा है। पिता लियाकत अली एसके अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं। पिता ने बताया कि बेटी का यह चौथा पेपर था। वह पहले ही कह चुकी थी कि डिलीवरी के बाद भी एग्जाम देगी। इसलिए हमने एसके कॉलेज में भी बात की। उन्होंने एग्जाम के लिए अलग से व्यवस्था की। अगला पेपर सोमवार को होगा। जिसकी तैयारी में वह जुटी हुई है।