सीकर। खाटू मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मंदिर कमेटी को मंदिर के आसपास जैमर लगाने का सुझाव दिया है। जिससे कोई भी
मोबाइल फोन मेले के दौरान मंदिर के आसपास काम नहीं करे और किसी भी तरह की सूचनाओं का आदान प्रदान नहीं हो। करीब डेढ़ महीने पहले मंदिर में धमकी भरा खत चढ़ाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस सुरक्षा को लेकर फूंक फूंक कर कदम रख रही है।
उधर मंदिर कमेटी का कहना है कि एक साल पहले ही मेले में जैमर लगाने के लिए कलेक्टर के यहां आवेदन किया था। अगर इस बार अनुमति मिल जाती है तो जैमर लगा दिए जाएंगे। कलेक्टर एलएन
सोनी का कहना है कि मेले के दौरान वैसे ही मोबाइल फोन काम नहीं करते हैं। ऐसे में फिलहाल जैमर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
पुलिस के मुताबिक मेले में इस बार कई नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी को लक्खी मेले के दौरान मंदिर के आसपास मोबाइल जैमर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे वहां मोबाइल फोन काम नहीं करें और सुरक्षा में किसी तरह की खामी नहीं रहे। इसके अलावा मंदिर के बाहर स्थायी मैटल डिटेक्टर भी लगवाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज ने दर्शनों की व्यवस्था में भी इस बार हल्का बदलाव किया गया है। अब तक जो श्रद्धालु चरण गेट से कस्बे के अंदर से होते हुए मंदिर तक पहुंचते थे उन्हें इस बार बाहर की तरफ से भेजा जाएगा। जिससे कस्बे के अंदर ज्यादा दबाव नहीं हो।
बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा
कलेक्टर एलएन
सोनी ने खाटू मेले में जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत और मेला कमेटी के स्तर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक ली और इनकी समीक्षा की। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा, पार्किंग व बेरिकेडिंग व्यवस्था समय पर पूरी कर ली जाए। बैठक में सीईओ जिला कैलाश नारायण मीना, एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा,एसडीएम दांतारामगढ़ जगदीश प्रसाद गौड़ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पूरी तरह बंद रहेंगे वीआईपी दर्शन : मंदिर में इस बार भी वीआईपी दर्शन बंद रहेंगे। पेट पलायन पर भी पाबंदी रहेगी। कोई भी जत्था गुंबद पर चढ़कर निशान नहीं चढ़ाएगा। दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु अपना सामान साथ नहीं ले जा सकेंगे। सभी धर्मशाला संचालकों को लॉक रूम बनाने के निर्देश दिए हैं।