पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जीवित प्रमाण पत्र के लिए पूर्व सैनिकों को नहीं काटने पड़ेंगे बैंक के चक्कर

जीवित प्रमाण पत्र के लिए पूर्व सैनिकों को नहीं काटने पड़ेंगे बैंक के चक्कर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीकर। पूर्व सैनिकों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की व्यवस्था जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में शुरू की गई है। व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए सोमवार को पूर्व सैनिक कल्याण रक्षा मंत्रालय के सचिव प्रभुदयाल मीणा व विभाग के निदेशक बिग्रेडियर सुरेश कुमार शर्मा भी सैनिक कल्याण कार्यालय पहुंचे।

इस मौके पर उन्होंने पूर्व सैनिकों को बताया कि सर्टिफिकेट के जरिए पूर्व सैनिक पेंशनरों को अपना वार्षिक जीवित प्रमाण पत्र देने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के जरिए वे ऑनलाइन सिस्टम के तहत कहीं से भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेंगे। सर्टिफिकेट को बैंक से लिंक कराके जनरेट किया जा सकेगा। इस दौरान सचिव प्रभुदयाल मीणा व निदेशक बिग्रेडियर एसके शर्मा ने पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन जल्द दिए जाने का भरोसा दिलाया।
पॉलीक्लिनिक प्रभारी कर्नल पीएस महला ने दोनों अधिकारियों से क्लिनिक में विशेषज्ञ डॉक्टरों की पूर्ति करवाने, स्थानीय हॉस्पिटल को क्लिनिक से जोड़े जाने की प्रक्रिया को आसान करने की बात रखी। कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर जीसुख राम, चिंकारा केंटीन प्रभारी बीएल गुर्जर, कर्नल रामेश्वर बुरड़क, मान सिंह शेखावत, अरशद पठान, गिरधारी सैन, सुखदेवसिंह, भगवान सिंह भामू, अशोक गढ़वाल सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे।

रजिस्ट्रेशन के लिए यह लाने होंगे दस्तावेज : कल्याण संगठक साबूलाल चौधरी ने बताया कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के लिए पूर्व सैनिकों को आधार कार्ड, पेंशन मनीआर्डर व बैंक की पास बुक लानी होगी।