- Hindi News
- फर्जी अंगूठा लगाकर उठाए 36 लोगों की पेंशन के ~1.65 लाख
फर्जी अंगूठा लगाकर उठाए 36 लोगों की पेंशन के ~1.65 लाख
सरकारकी पेंशन योजना में फर्जीवाड़ा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शाहपुरा ग्राम पंचायत के भवानीपुरा गांव का है। यहां 36 लोगों की पेंशन पिछले एक साल से उठाई जा रही है, लेकिन इन लोगों तक एक रुपया भी नहीं पहुंचा। एक बुजुर्ग महिला की पेंशन तो 27 महीने से उठाई जा रही है।
लोगों का आरोप है कि ज्यादातर पेंशन फर्जी अंगूठा लगाकर उठाई गई है। आरोप डाकिए पर लगे हैं। लोगों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामले की पूरी जांच कराने की मांग की है। लोगों ने पीपीओ नंबर भी कलेक्टर को दिए हैं। लोगों का कहना है कि 36 लोगों की करीब एक लाख 65 हजार रुपए की पेंशन डाकिया हड़प गया है। बताया जा रहा है कि किसी की पेंशन छह महीने से, किसी की एक साल से तो किसी की दो साल से नहीं मिल रही।
लोगों ने पेंशन विभाग से जब जानकारी मांगी तो पता चला कि सभी की पेंशन हर महीने जारी हो रही है। डाक विभाग से किसी की भी पेंशन लौटकर नहीं आई है। कलेक्टर ने जांच का भरोसा दिया है। ज्ञापन देने वालों में सेवा सरपंच दीनदयाल भास्कर, सिहोट बड़ी सरपंच चुनाराम फौजी, उम्मेदसिंह, सोन कंवर मनोहरी सहित कई पेंशनधारी थे। कलेक्टर एसएस सोहता ने बताया कि जांच के लिए डाक अधीक्षक को पत्र लिख दिया गया है। क्योंकि घपला डाकिया कर रहा है। इसलिए जांच वो ही कर सकते हैं।
विवाद बढ़ा तो डाकिये ने कहा- सभी के पैसे लौटा दूंगा, मेरी शिकायत मत करो!
लोगोंने कलेक्टर को बताया कि डाकिया अब लोगों को शिकायत नहीं करने के लिए कह रहा है। लोगों ने बताया कि गांव के लोगों को डाकिए ने यह बताया कि पैसे जरूरी काम के लिए उपयोग में ले लिए। जल्द ही लौटा दूंगा। कलेक्टर ने इस मामले की जांच की बात कही है।
पेंशन मामले में कलेक्टर को ज्ञापन देने आए भवानीपुरा के ग्रामीण।