- Hindi News
- जनसुनवाई करेंगे पुलिस जवाबदेह समिति के अध्यक्ष
जनसुनवाई करेंगे पुलिस जवाबदेह समिति के अध्यक्ष
सीकर. पुलिसअधिकारियों के खिलाफ आने वाली शिकायतों की जांच के लिए बनाई गई राज्य स्तरीय पुलिस जवाबदेह समिति ने काम शुरू कर दिया है। राजस्थान राज्य पुलिस जवाबदेह समिति के चेयरमैन जस्टिस भंवरु खां 30 सितम्बर को सर्किट हाउस में दोपहर एक बजे से जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान लोग पुलिस अधिकारियों से जुड़ी शिकायत कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि भास्कर ने 15 सितंबर को एक साल से इस समिति के कागजों में चलने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उसके बाद समिति ने काम शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक 2007 के पुलिस एक्ट में प्रावधान किया गया था कि पुलिस के उच्च अधिकारियों जैसे के खिलाफ होने वाली शिकायतों की जांच के लिए एक प्रदेश स्तरीय कमेटी होगी। हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज इसके अध्यक्ष होंगे और पुलिस के एडीजी इसके सचिव। इसके अलावा तीन सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला होगी। पिछले साल सितंबर में राज्य सरकार ने इस कमेटी का गठन किया था। रिटायर्ड जस्टिस भंवरु खान को इसका अध्यक्ष बनाया गया था। समिति के सचिव एडीजी सुधाकर जौहरी ने कुछ दिन पहले इस संबंध में जिला अधिकारियों को आदेश भिजवाया था कि वे शिकायतों को प्रदेश स्तरीय समिति के समक्ष भिजवाएंगे। ये आदेश इस साल 28 अगस्त को जारी किए थे। जबकि कमेटी पिछले साल सितंबर में बनी थी।