जांच कमेटी ने लिए बयान, दस्तावेज खंगाले
सीकर | एमसीडब्ल्यूसीवार्ड की नर्स को प्रताड़ित करने के मामले में जांच कमेटी ने एसके अस्पताल पहुंचकर बयान दर्ज किए। दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान पीड़िता बयान देने नहीं पहुंची। सीएमएचओ के नेतृत्व में बनाई गई कमेटी के सदस्य एसके अस्पताल पहुंचे। आरोपी नर्सिंग अधीक्षक के बयान दर्ज किए। उपस्थिति रजिस्टर मंगवाकर जांच की।
हालांकि शनिवार को जांच कमेटी के सामने पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो पाए। गौरतलब है कि एमसीडब्ल्यूसी वार्ड में कार्यरत महिला नर्स ने नर्सिंग अधीक्षक गोपीचंद पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। महिला आयोग ने मामले पर संज्ञान लेते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को आरोपी नर्सिंग अधीक्षक को आदेशों की प्रतीक्षा में निदेशालय भिजवाने को कहा था। इस पर पीएमओ ने नर्सिंग अधीक्षक गोपीचंद को एपीओ कर जांच कमेटी का गठन किया था।