पटवार भर्ती परीक्षा के लिए आधी रात को पहुंचे अभ्यर्थी, रैन बसेरों में ली शरण
शनिवारको होने वाली पटवार भर्ती परीक्षा को लेकर शहर में देर रात तक मेले सा माहौल रहा। कई दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों का सेंटर सीकर में है। ऐसे में देर रात तक बसों अन्य साधानों से अभ्यर्थी सीकर पहुंचते रहे।
कई अभ्यथियों ने होटलों में किराए पर रूम लिए तो कई अभ्यर्थियों ने प्रशासन की ओर से रोडवेज बस डिपो के पास लगाए गए टैंट रैन बसेरों में शरण ली। रात करीब दो बजे तक अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला जारी रहा। डिपो में शाम से ही चहलपहल शुरू हो गई। इस दौरान अभ्यर्थियों पर डिपो में लगी एलईडी पर भारत-श्रीलंका के बीच चल रहे टी-20 क्रिकेट मैच का भी आनंद लिया।
सीकर के भी कई अभ्यर्थियों का संेटर दूसरे जिलों में था। ऐसे में काफी अभ्यर्थी देर तक अपने गंतव्य के लिए रवाना होते रहे। काफी संख्या में अभ्यर्थियों के आने से रोडवेज बस डिपो क्षेत्र में स्थित दुकानदारों के भी अच्छी आमदनी हुई।
कई अभ्यर्थियों ने शहर में बने रैन बसेरों में भी शरण ली। काफी संख्या में दूसरे जिलों से अभ्यर्थी परीक्षा देने आए हैं।
बसों के जरिए पहुंचे कई अभ्यर्थी रोडवेज बस डिपो के पास लगाए टैंट में सो गए।