रास्ता निकालने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन
पिछलीबोर्ड बैठक में पार्षद द्वारा वन भूमि में रास्तों के डायवर्जन का प्रस्ताव रखने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर वार्ड 14 के लोगों ने नगर परिषद में प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि पिछली बोर्ड बैठक में मामला उठाने पर इसे एजेंडे में शामिल करते हुए कार्रवाई के लिए प्रस्तावित किया गया था। लेकिन आज तक डायवर्जन नहीं हो सका। ऐसे में यहां प्रस्तावित सड़क का काम भी शुरू नहीं हो पाया है। आक्रोशित लोग आयुक्त के चैंबर में धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे सभापति जीवण खां ने जल्द ही समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर मामला शांत किया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को वार्ड 14 के लोग नेता प्रतिपक्ष अशोक चौधरी नेमीचंद कुमावत के नेतृत्व में नगर परिषद पहुंचे। लोगों वन भूमि में से कटान के रास्तों पर डायवर्जन की प्रक्रिया में देरी पर विरोध प्रदर्शन किया।
वार्ड पार्षद ने आरोप लगाया कि सालासर रोड से सांई मंदिर होते हुए सुंदर नगर तक तथा रायजी के कुएं से शास्त्री नगर तक रोड स्वीकृत हो चुकी है। लेकिन रास्ते की भूमि का डायवर्जन के अभाव में काम शुरू नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा गवारिया बस्ती से मोहन कॉलोनी रास्ते का मामला भी डायवर्जन में अटका हुआ है। प्रदर्शन में पार्षद शंकर सैनी, राजकुमार सैनी, भैरूराम सैनी, तुलसीदेवी, संतोष देवी, रामस्वरूप सैनी, सुभाष सैनी, पवनकुमार, धर्मेंद्र, संजय अग्रवाल, विनोद सैनी, ओमप्रकाश सैनी, नागरमल सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष शामिल रहे।
पार्षद ने आरोप लगाया कि मामला बोर्ड बैठक में उठाकर प्रोसिडिंग में शामिल करवाया था। प्रोसिडिंग में लिखा गया था कि इस प्रस्ताव पर कार्रवाई की जाए। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर, कार्रवाई होती तो आगामी बोर्ड बैठक में इसे मंजूरी के लिए रखा जाता। लेकिन बोर्ड बैठक के एजेंडे में यह बिंदु शामिल नहीं किया गया।
नगरपरिषद में प्रदर्शन करते वार्डवासी।
मामले को अगली मीटिंग के एजेंडे में शामिल करेंगे
^पिछलीबोर्ड मीटिंग में मामला सामने आया था। आगामी प्रस्तावित बैठक में बजट महत्वपूर्ण चर्चा होनी है। इसलिए रास्ते की भूमि के डायवर्जन के मामले को अगली मीटिंग के एजेंडे शामिल किया जाएगा। इससे पहले इसकी नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। जीवणखां, सभापति